उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ दिवाली के मौके पर अयोध्या में विवादित जमीन पर बने अस्थायी राम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरयू के तट पर श्री राम की मूर्ति के लिए दो जगहें देखी हैं। ये मूर्ति अयोध्या की नई पहचान बनेगी। उन्होंने कहा- हम इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने पर काम कर रहे हैं, इसके लिए डिजाइन भी देखा गया है।
विवादित जमीन पर योगी ने कहा, "आप सभी जानते हैं कि अयोध्या में मंदिर पहले से था। मैं यहां पर प्रार्थना करने आया हूं। मंदिर था, है और रहेगा। सरकार देख रही है कि इस मंदिर को भव्य कैसे बनाया जा सकता है। हमारे पास सभी विकल्प हैं। लेकिन, समाधान संविधान और कानून के जरिए आना चाहिए। हम इसका इंतजार कर सकते हैं।' यूपी सरकार ने सरयू के तट पर 151 फीट ऊंची राम मूर्ति का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, मांग ये भी की जा रही है कि इस मूर्ति को 200 मीटर ऊंचा बनाया जाए, ताकि ये दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा हो।
फैजाबाद का नाम अयोध्या किया था
योगी ने राम मंदिर के अलावा हनुमान गढ़ी और कनक भवन में भी दर्शन किए। उन्होंने कहा- पंचकोसी और 14 कोसी परिक्रमा मार्ग को विकसित किया जाएगा। सरयू की सफाई भी एजेंडा में है। भूमिगत बिजली के तार बिछाने का काम भी जारी है। छोटी दीपावली पर अयोध्या में दीपोत्सव मनाया गया। इस मौके पर योगी ने ऐलान किया कि फैजाबाद का नाम अयोध्या होगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राजा दशरथ के नाम पर मेडिकल कॉलेज और श्रीराम के नाम पर एयरपोर्ट बनाया जाएगा।
छोटी दीपावली के मौके पर दीपोत्सव में शामिल होने आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया कि फैजाबाद का नाम अब अयोध्या होगा। उन्होंने कहा- अयोध्या हमारी आन-बान-शान है और इसकी पहचान भगवान राम से होती है इसलिए जनपद फैजाबाद का नाम भी आज से अयोध्या होगा। उन्होंने उत्तर कोरिया की फर्स्ट लेडी किम-जुंग-सुक का स्वागत किया और कहा कि आज हम अतीत को याद करने के लिए इकट्ठा हुए हैं। योगी ने दशरथ के नाम पर मेडिकल कॉलेज और श्रीराम के नाम पर एयरपोर्ट बनाने का भी ऐलान किया। इसके बाद राम की पैड़ी पर 3 लाख दीये जलाए गए। यूपी सरकार की कोशिश इस कार्यक्रम को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, अयोध्या और कोरिया के रिश्ते 2000 साल पुराने हैं। तब अयोध्या की राजकुमारी से कोरिया के राजकुमार का विवाह हुआ था। अयोध्या और कोरिया के बीच पर्यटन को आने वाले वक्त में बढ़ावा मिलेगा। अतिथि देवो भव: की भारतीय संस्कृति के भाव को व्यक्त करने के लिए मैं कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति का धन्यवाद करता हूं। उन्होंने प्रथम महिला को भेजकर दोनों देशों के बीच पुराने रिश्ते को बढ़ाया है। आज हम अपने अतीत के साथ जुड़ रहे हैं।"
"अयोध्या के साथ अन्याय कोई ताकत नहीं कर सकती'
मुख्यमंत्री ने कहा- हम राम राज्य लाएंगे। ऐसा शासन जहां किसी प्रकार की दुख-दरिद्रता न हो, वही तो रामराज्य है। भावनाएं आज हिलोरें मार रही हैं। पूरा देश देख रहा है कि अयोध्या क्या चाहता है। अयोध्या के साथ कोई अन्याय नहीं कर सकता। दुनिया की कोई ताकत नहीं कर सकती।
किम-जुंग-सुक ने कहा कि मुझे आमंत्रित करने केे लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ का शुक्रिया। मैं सभी लोगों को दीपोत्सव की बधाई देती हूं। इस दौरान उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन और केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment